A cache of cannabis was found at an Ayurvedic factory in Hardoi.

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भांग के उत्पाद बनाने वाली एक आयुर्वेदिक फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में भांग बरामद होने से हड़कंप मच गया। सूचना के आधार पर पहुंची एसओजी टीम ने मौके से भांग से भरा एक ट्रक पकड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के नघेटा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओम आयुर्वेदिक कम्पनी में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में नशीली भांग रखे जाने की सूचना पर सुबह करीब दस बजे छापा मारा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में भांग का स्टॉक निर्धारित भंडारण क्षमता से कई गुना अधिक था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री को सीमित मात्रा में भांग रखने और उससे आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने की अनुमति प्राप्त है, लेकिन मौके पर मिली मात्रा ने अधिकारियों को चौंका दिया। छापेमारी के बाद नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, आबकारी विभाग, एक्साइज विभाग, आयुर्वेद विभाग तथा बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर व परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

आशंका जताई जा रही है कि होली पर्व को देखते हुए भांग से बने उत्पादों की बड़े पैमाने पर आपूर्ति की तैयारी की जा रही थी और इसी उद्देश्य से निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक किया गया था। अधिकारियों ने मौके से बरामद भांग को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा ट्रक सहित भांग को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन नियमों का उल्लंघन हुआ है। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभिन्न विभागों की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हैं।