बिहार: हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के अकेला वाद गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशियों के लिए चारा लाने जा रहे पति-पत्नी बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में जारी है। मृतक की पहचान अकेला वाद निवासी स्वर्गीय दयाल राय के पुत्र बलिंदर राय (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, झुलसी हुई महिला की पहचान उनकी पत्नी प्रमिला देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बलिंदर राय अपनी पत्नी के साथ दियारा क्षेत्र में मवेशियों के लिए चारा लाने जा रहे थे। रास्ते में एक बिजली का खंभा था, जो बारिश के कारण भीग चुका था। इसी दौरान अचानक बलिंदर राय करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस कर जमीन पर गिर पड़े। पति को बचाने की कोशिश में प्रमिला देवी भी बिजली के संपर्क में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही बलिंदर राय की मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि प्रमिला देवी का इलाज अभी अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार वालों ने बताया कि बलिंदर राय तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उनके छह संतानें हैं तीन पुत्र और तीन पुत्रियां। अचानक हुए इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।







