Home बिहार बिहार: नशे में धुत युवकों ने महनार अस्पताल में किया हंगामा, पुलिस...

बिहार: नशे में धुत युवकों ने महनार अस्पताल में किया हंगामा, पुलिस से की मारपीट; वीडियो वायरल

462
0
Bihar: Drunk youths created ruckus in Mahnar hospital, assaulted police; video goes viral

बिहार: वैशाली जिले के महनार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार देर शाम नशे में धुत दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इन युवकों ने न सिर्फ अस्पताल में तोड़फोड़ की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट भी की। यही नहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से भी इन युवकों ने हाथापाई की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि देसरी थाना क्षेत्र के गनियारी निवासी मंटू राय नामक युवक की बाइक दुर्घटना में चोट लग गई थी।

मंटू अपने एक साथी के साथ इलाज के लिए महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। जब डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी इलाज में जुटे थे, तभी दोनों युवकों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान अस्पताल के सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, सुरक्षा गार्ड राणा प्रताप सिंह, आनंद मोहन, गोपाल, कैलाश पासवान और दिनेश पासवान को चोटें आईं। आरोपियों ने सहायता काउंटर, वेटिंग एरिया की कुर्सियों, बेंच और ओपीडी में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना पर महनार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल कर्मियों और पुलिस ने भी आरोपियों की जमकर पिटाई की और फिर उन्हें थाने ले जाया गया।

GNSU Admission Open 2026

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अस्पताल में तैनात स्वास्थ्यकर्मी और सुरक्षा गार्ड घटना के विरोध में आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। घटना को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को डॉ. अरुण कुमार ने लिखित शिकायत दी है। हालांकि, थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह के अनुसार अभी तक अस्पताल की ओर से कोई औपचारिक लिखित शिकायत थाने में नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि युवकों से पूछताछ की जा रही है, और लिखित शिकायत मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


GNSU Admission Open 2026