डेहरी में 10 हजार किलो सोनपापड़ी जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
10,000 kg of Sonpapdi seized in Dehri; major action by the Food Safety Department

डेहरी (रोहतास): त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए रोहतास जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेहरी के जक्की बिगहा स्थित रोहित इंटरप्राइजेज के दो खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद करीब 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त की गई। जब्त मिठाई की अनुमानित कीमत लगभग 5.75 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रोहित इंटरप्राइजेज के दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के बड़े पैमाने पर सोनपापड़ी का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। इसके अलावा, तैयार मिठाई के पैकेटों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और अन्य जरूरी जानकारियां भी अंकित नहीं थीं।

GNSU Admission Open 2026

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी सोनपापड़ी जब्त कर ली। साथ ही, जब्त खाद्य सामग्री का नमूना संग्रहित कर गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

वहीं, रोहित इंटरप्राइजेज के दूसरे प्रतिष्ठान में भी जांच की गई। यहां उपलब्ध घी की गुणवत्ता पर संदेह होने और मिलावट की आशंका के चलते उसका नमूना भी लिया गया है। दोनों खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को जिलेभर में मिठाई, घी, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।