जमुहार (रोहतास): गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय (जीएनएसयू), जमुहार के प्रबंधन अध्ययन संकाय ने एक और महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रबंधन विषय में शोधार्थी सुश्री अमीषा को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई। उनके शोध का विषय सोशल मीडिया के माध्यम से एम्प्लॉयर ब्रांडिंग तथा प्रतिभा अधिग्रहण एवं प्रतिधारण पर इसके प्रभाव से संबंधित है। यह अध्ययन भारत की आईटी कंपनियों पर आधारित है।
अमीषा ने अपना शोध प्रबंध “सोशल मीडिया के माध्यम से एम्प्लॉयर ब्रांडिंग तथा प्रतिभा अधिग्रहण एवं प्रतिधारण पर इसका प्रभाव: भारत की आईटी कंपनियों पर आधारित एक अध्ययन” विषय पर तैयार किया है। उन्होंने यह शोध कार्य प्रो. डॉ. रजनीश रत्न के मार्गदर्शन और प्रो. डॉ. विवेक शर्मा के सह-मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरा किया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश सिंह, कुलसचिव प्रो. डॉ. आलोक प्रताप और परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह ने शोधार्थी के साथ उनके शोध निर्देशक एवं सह-शोध निर्देशक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शोध कार्य में समर्पण, निरंतरता और अकादमिक प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय ने शोधार्थी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रबंधन अध्ययन संकाय के प्रो. डॉ. अजय भूषण प्रसाद ने कहा कि प्रबंधन विषय में लगातार पीएचडी उपाधियां प्रदान किया जाना विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शोध न केवल अकादमिक ज्ञान का विस्तार करते हैं, बल्कि सामाजिक और व्यावसायिक विकास में भी उपयोगी योगदान देते हैं।
समारोह में प्रबंधन अध्ययन संकाय के प्रो. डॉ. सुधांशु वर्मा, प्रो. डॉ. रचना दशोरे, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. बी.एस. गुप्ता, मोहम्मद गौहर हसनैन, सुश्री पम्मी कुमारी और डॉ. निखिल निशांत सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने अमीषा तथा उनके शोध मार्गदर्शकों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।







