शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 800 अंक से अधिक टूटा
Sharp decline in the stock market; Sensex plunges by over 800 points

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत से ही भारी बिकवाली देखने को मिली। बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 800 अंक से अधिक टूट गया, जबकि एनएसई का निफ्टी भी गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया। बाजार में व्यापक बिकवाली के कारण आईटी, एफएमसीजी और तेल एवं गैस क्षेत्र के शेयरों पर दबाव देखने को मिला।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 345 अंक की गिरावट के साथ 73,253 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होने के कुछ ही समय बाद यह फिसलकर 72,772 अंक तक पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 826 अंक की गिरावट दर्शाता है। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 498.09 अंक यानी 0.68 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 71 अंक गिरकर 22,678 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव बना रहा और निफ्टी 113.70 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।

आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव

बाजार में लगभग सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी ऑटो को छोड़कर अन्य प्रमुख सेक्टोरल सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। आईटी क्षेत्र का सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक टूट गया। इसके अलावा एफएमसीजी और तेल एवं गैस क्षेत्र के सूचकांक भी एक प्रतिशत से ज्यादा नीचे रहे।

सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में इंफोसिस के शेयर में करीब चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी दो से तीन प्रतिशत तक नीचे कारोबार कर रहे थे। आईटी कंपनियों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।

इसके अलावा आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टाइटन, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयरों में भी एक से दो प्रतिशत तक की गिरावट रही।

इन शेयरों में दिखी तेजी

बाजार में गिरावट के बीच लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का शेयर करीब 4.5 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), मारुति सुजुकी, ट्रेंट और इंडिगो के शेयर भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।