बिहार में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, मंदिरों के विकास पर जोर
Promoting religious tourism in Bihar; emphasis on the development of temples

कैमूर: बिहार सरकार राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन मंदिरों के विकास एवं जीर्णोद्धार, धार्मिक स्थलों तक बेहतर पहुंच और प्राकृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंदिरों के विकास पर बड़ा निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि गया स्थित विष्णुपद मंदिर के विकास और जीर्णोद्धार पर लगभग 3,500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास के लिए करीब 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। हजारों वर्ष पुराने मां मुंडेश्वरी मंदिर का भी विकास एवं जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने कहा कि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। मां मुंडेश्वरी मंदिर और गुप्ताधाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्ताधाम और मां मुंडेश्वरी के दर्शन की सुविधा शुरू की गई है।

इको टूरिज्म और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर की पहाड़ियों और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए इको टूरिज्म विकसित किया जा रहा है। सासाराम और कैमूर की खूबसूरत वादियां फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी आकर्षित कर रही हैं, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया गया है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में बिहार में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को मजबूरी में मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े। इसके लिए उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले लोगों से अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उन्होंने संतों और धर्माचार्यों से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन की कामना की।

संतों का आशीर्वाद, भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद एवं प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।