सासाराम: बिहार के सासाराम में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 45 वर्षीय व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पुरानी जीटी रोड जाम कर दिया। सड़क जाम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
घटना पुरानी जीटी रोड पर फजलगंज स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के पास सुबह करीब पांच बजे हुई। मृतक की पहचान बद्दी थाना क्षेत्र के कचनथ गांव निवासी 45 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश रोज की तरह ट्रैक्टर से पुट्टी बेचने के लिए सासाराम आए थे। उन्होंने फजलगंज के पास अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी झारखंड नंबर की बताई जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद वह कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
व्यवसायी की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करते हुए पुरानी जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
फिलहाल, फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।







