वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को सुविधा देने के लिए वाराणसी जिले के सभी 3,300 मतदान स्थलों पर रविवार को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेंगे। इनके माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने की सुविधा मिलेगी।
अपर आयुक्त (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर मौजूद रहेंगे। उनके पास अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं (एएसडी) तथा नो-मैपिंग वाले मतदाताओं की सूची उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही मतदाता पंजीकरण और संशोधन से संबंधित निर्धारित प्रपत्र भी प्राप्त किए जाएंगे।
अधिकारियों द्वारा बूथों का होगा निरीक्षण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और पर्यवेक्षकीय अधिकारी मतदान स्थलों का निरीक्षण करेंगे। यदि कोई बीएलओ ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभियान के दिन उन सभी शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों को खुला रखने की व्यवस्था की है, जहां मतदान स्थल बनाए गए हैं।
मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करने की अपील की है। जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या निर्धारित पात्रता तिथि तक पूरी होने वाली है और उनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए निर्धारित है।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी संबंधित प्रपत्र भरकर जमा कर सकते हैं। इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करना और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है।







