देवरिया में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Two youths stabbed to death in Deoria; police have launched an investigation.

देवरिया (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास हुई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के अनुसार, मृतकों की पहचान वकील यादव, पुत्र राजदेव यादव, निवासी करजहां गांव, थाना मईल और विनय यादव, पुत्र रामछबीला यादव, निवासी ईटहुरा हजाम टोला के रूप में हुई है। दोनों युवक मंगलवार रात एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर लार कस्बे गए थे। वहां से लौटते समय आधी रात के करीब बढ़या हरदो गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तीन पुलिस टीमें गठित, सभी पहलुओं पर जांच

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाने के साथ वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में लगी है।

जांच के दौरान पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।