बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से 113 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक मो. साहिल को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। गांजे के पैकेटों पर नेपाली भाषा में लिखावट मिलने के बाद पुलिस तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और सुबह करीब छह बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने छावनी इलाके से वाहन का पीछा करना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद स्टेशन चौक के समीप पुलिस ने अपने वाहन से टक्कर मारकर संदिग्ध गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें सात बंडलों में रखा कुल 113 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल चालक मो. साहिल को हिरासत में ले लिया।
नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि पुलिस को पहले ही गांजे की खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद अंचल अधिकारी पल्लवी कुमारी ने बताया कि गांजे के पैकेटों पर नेपाली भाषा में लिखा हुआ था। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति और तस्करी से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बताया कि छावनी इलाके में एक व्यक्ति ने उसे गांजा दिया था। उसे गांजे की खेप लेकर मोतिहारी पहुंचना था। पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान करने और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में एसआई रामशरण, उदय पासवान, विशाल तिवारी, रवि कुमार और इंस्पेक्टर मो. अकबर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







