ज्योतिर्मठ में घर की गोशाला में घुसा भालू, घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और घटना सामने आई है। ज्योतिर्मठ नगर के सिंहधार वार्ड में एक भालू ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि एक भालू परिवार की गोशाला में घुस गया और वहां मौजूद गाय पर हमला कर दिया। गाय को बचाने के लिए परिवार के सदस्य आगे आए, तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में परिवार के चार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की सलाह दी। हमले की खबर फैलते ही सिंहधार वार्ड और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपने घरों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आबादी वाले क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की अपील की है।
पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के आबादी के नजदीक पहुंचने की घटनाएं लोगों की सुरक्षा के लिए चुनौती बन रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जंगलों से सटे इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जानी चाहिए।
इस घटना ने एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।







