झारखंड में सड़क हादसा, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत
Road accident in Jharkhand; three youths from the same village killed.

रांची। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के समीप हुई। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही जुगिलांग में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल तथा मृतकों के घरों के आसपास जुट गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला देखने गए थे। तीनों युवकों ने वहां पनामा सर्कस देखा। इसके बाद वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेकपोस्ट के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार से जोरदार टक्कर हो गई।

GNSU Admission Open 2026

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम गोप और लुकास गोप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अर्टिगा कार जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही थी। हादसे में कार सवार बलरामपुर निवासी एकलाख हाशमी और तासीम अंसारी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने दोनों वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और वाहन सवारों से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और तेज रफ्तार समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से जुगिलांग में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में भी गहरा शोक है।