बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों मोटरसाइकिल से सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सनौद थाना क्षेत्र के कजराबांधा गांव निवासी डागेश्वर साहू अपने दोनों बेटों ओशांत साहू और अनुराग साहू के साथ ग्राम मोहारा स्थित अपने मामा के घर आयोजित पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे।
रास्ते में अरमरीकला के पास पेट्रोल पंप के सामने उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। बताया गया कि सड़क पर अंधेरा होने के कारण मोटरसाइकिल सवारों को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डागेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उनके दोनों बेटे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए 12 वर्षीय ओशांत साहू को बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं आठ वर्षीय अनुराग साहू का अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। एक ही परिवार में पिता और बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सनौद थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गुरुर भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और सड़क पर ट्रक खड़े होने की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।







