सासाराम। नगर निगम क्षेत्र के दलेलगंज मोहल्ले में मामूली विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दलेलगंज निवासी रवि पटवा और उसके छोटे भाई रोहित पटवा के बीच पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। मामला बढ़ने पर रवि पटवा ने रोहित पटवा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दरिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब घटना के पीछे के पूरे विवाद और वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
सदर डीएसपी वन विप्लव कुमार ने बताया कि दलेलगंज मोहल्ले में रवि पटवा ने अपने छोटे भाई रोहित पटवा की चाकू मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







