सासाराम में गैस कटर से ATM काटकर ले गए चोर
Thieves cut open an ATM with a gas cutter and made off with it in Sasaram.

सासाराम। शहर के कुराईच इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने गैस कटर की मदद से IDBI बैंक के ATM को काटकर पूरी मशीन ही उखाड़ ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात ने रात के समय सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि चोर देर रात पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुए। इसके बाद गैस कटर का इस्तेमाल कर ATM मशीन को उसके स्थान से अलग किया गया। आशंका है कि चोरों ने मशीन को किसी भारी वाहन पर लादा और वहां से फरार हो गए। घटना को इतनी गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

GNSU Admission Open 2026

सुबह जब लोगों की नजर ATM बूथ पर पड़ी तो वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। बूथ का शटर खुला हुआ था और जिस स्थान पर ATM मशीन लगी थी, वहां केवल खाली जगह दिखाई दे रही थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलते ही सासाराम नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। साथ ही CCTV फुटेज के जरिए इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के लिए ATM में मौजूद नकदी की जानकारी जुटाना भी जांच का अहम हिस्सा है। इसके लिए बैंक प्रबंधन से संपर्क कर मशीन में मौजूद रकम और चोरी से संबंधित अन्य जानकारी ली जा रही है।

व्यस्त इलाके में पूरी ATM मशीन को काटकर ले जाने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।