किशनगंज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू, सेवा ज्योति चौक का ऐलान
‘Seva Sankalp Abhiyan’ launched in Kishanganj; ‘Seva Jyoti Chowk’ announced.

किशनगंज। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए एक माह लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत किशनगंज में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ हुई। गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल समेत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा का संदेश दिया गया।

डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा ने सेवा को अपना संकल्प माना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को पार्टी सेवा, जनकल्याण और समाज के प्रति समर्पण की भावना के साथ मना रही है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

मंत्री के अनुसार अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, जनसेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जायसवाल ने किशनगंज शहर के कलटेक्स चौक का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति चौक’ किए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह चौक सेवा, समर्पण और सामाजिक चेतना का प्रतीक बनेगा। नामकरण के जरिए समाज में सेवा भावना और जनकल्याण के संदेश को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ एवं हरित किशनगंज बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, बिहार अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष सरदार लखबिन्दर सिंह, सुबोध माहेश्वरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, हरिराम अग्रवाल, जयकिशन प्रसाद, कौशल यादव, लखबिन्दर कौर, गगनदीप सिंह, राजेश गुप्ता और अंकुश राज सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।