पीएम मोदी से मुलाकात के बाद गांवों तक पहुंचने पर जोर
Emphasis on reaching villages after meeting PM Modi

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों की मुलाकात के दौरान सरकार के कामकाज, जनसेवा और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जनसमस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए जमीन पर जाकर काम करने पर जोर दिया।

नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद हरियाणा भवन में संवाददाताओं से बातचीत में सैनी ने कहा कि सरकार, मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में काम करने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हरियाणा के गांवों और परिवारों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

मुख्यमंत्री के अनुसार विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। करीब 200 से 300 लोगों की टोली गांवों में जाकर स्वच्छता अभियान, टिफिन बैठक और जनसंवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से संपर्क करेगी। इन बैठकों में स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

सैनी ने कहा कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा जैसे विषयों को लेकर भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन से जुड़े लोगों की भूमिका जनता के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की होगी।

कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता बनाने के लिए पीएम कुसुम और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। प्राकृतिक खेती को भी व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य बताया।

उन्होंने युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को मजबूत करने और गुरुग्राम को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम करने की बात कही। साथ ही हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।