सिंगापुर में निवेशकों से मिलेंगे सीएम साय, छत्तीसगढ़ में नई परियोजनाओं पर जोर
CM Sai to meet investors in Singapore; focus on new projects in Chhattisgarh.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और नई औद्योगिक परियोजनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (साइन) फोरम 2026 में भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमताओं, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के सामने रखना है। संभावित निवेशकों को राज्य में उपलब्ध खनिज संसाधन, बिजली, पानी और औद्योगिक उपयोग के लिए जमीन के साथ नई औद्योगिक नीति के तहत दिए जा रहे प्रोत्साहनों और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

GNSU Admission Open 2026

दौरे के दौरान नए उद्योगों की स्थापना, संयुक्त उपक्रम और विभिन्न परियोजनाओं में तकनीकी एवं कारोबारी सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। राज्य सरकार का फोकस केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। तकनीकी क्षेत्र, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और विनिर्माण से जुड़ी कंपनियों को भी छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आकर्षित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन मुलाकातों में निवेश, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, तकनीकी सहयोग और भविष्य की परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सरकार का कहना है कि नए निवेश से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

साइन फोरम 2026 में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और राज्य में एमएसएमई, स्टार्टअप तथा रोजगारपरक क्षेत्रों में मौजूद अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। फोरम में भारत और सिंगापुर के सरकारी प्रतिनिधियों के अलावा उद्योगपति, निवेशक और उद्यमी शामिल होंगे।

दौरे के दौरान कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं भी तलाशने की योजना है। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के कौशल केंद्र, मंडई वन्यजीव अभ्यारण्य और गार्डन्स बाय द बे का दौरा भी करेगा।