सासाराम। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सासाराम एसडीएम प्रिया रानी और प्रभारी डीएसपी गौरव कुमार यादव के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों के निर्माण स्थलों, प्रवेश और निकास मार्गों, यातायात व्यवस्था तथा संभावित भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडालों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि मुख्य सड़कों पर आवागमन बाधित न हो।
इस दौरान सासाराम अंचलाधिकारी, नगर थानाध्यक्ष, नगर निगम के सिटी मैनेजर और सफाई प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों और आपातकालीन मार्गों की उपलब्धता की समीक्षा की।
नगर निगम की टीम को पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने तथा लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पूजा समितियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। वहीं, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।







