हथियार के बल अपहृत युवक अररिया से बरामद
Youth abducted at gunpoint recovered from Araria.

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में हथियार के बल पर अपहरण किए गए एक युवक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में अररिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अपहरण में इस्तेमाल किए गए चार पहिया वाहन को भी जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि सोमवार को छातापुर थाना क्षेत्र के महदीपुर गांव निवासी मोहम्मद खुर्शीद खान के पुत्र मोहम्मद जिशान खान का भीमपुर थाना क्षेत्र से हथियार के बल पर अपहरण कर लिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

GNSU Admission Open 2026

मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद चार पुलिस टीमों को अलग-अलग संभावित ठिकानों पर भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, सुपौल पुलिस ने अररिया पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की मदद से संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिशान खान को सोमवार देर रात अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित बरामद करने के बाद मामले की जांच को और तेज कर दिया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चार पहिया वाहन को भी जब्त किया। पुलिस का कहना है कि अपहरण की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अपहरण की वजह अवैध कारोबार से जुड़े लेन-देन का विवाद बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने मामले की पूरी पृष्ठभूमि और अपहरण के वास्तविक कारण को लेकर जांच जारी रखी है।

इस मामले में भीमपुर थाना में सात नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जा सकता है।