भोपाल। सेज यूनिवर्सिटी भोपाल के कैंपस स्थित छात्रावास में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों में नाराजगी फैल गई। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता और मेस व्यवस्था को लेकर कैंपस में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार और छात्रावास की मेस व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की कैंपस इकाई के कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और छात्रों को छात्रावास वापस भेज दिया गया। इसके साथ ही छात्रों की शिकायतों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाते हुए भोजन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान करने की मांग की गई।
अभाविप ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। परिषद का दावा है कि छात्रावास की मेस व्यवस्था को लेकर पहले भी छात्रों की ओर से शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस संचालक और भोजन व्यवस्था से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रावास की भोजन व्यवस्था और स्वच्छता में जल्द सुधार नहीं किया गया तो छात्रों के हितों को लेकर आंदोलन किया जाएगा। परिषद ने प्रशासन से मेस में भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रों की शिकायत के बाद मेस व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।







