आइची-नागोया (जापान)। भारतीय महिला टीम ने एशियाई खेलों की स्क्वैश स्पर्धा में शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप सी के शुरुआती मुकाबले में चीन को 2-1 से हरा दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव भरे मुकाबले में मजबूत प्रदर्शन किया और जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
ग्रुप सी के मुकाबले में भारत की ओर से तन्वी खन्ना और जोशना चिनप्पा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टीम को सफलता दिलाई। वहीं शमीना रियाज को पांच गेम तक चले बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
शमीना रियाज को चीन की खिलाड़ी के खिलाफ 3-2 से शिकस्त मिली। उन्होंने मुकाबले की शुरुआत में 8-11 और 6-11 से गेम गंवाए, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए तीसरा और चौथा गेम 11-9, 11-9 से जीत लिया। निर्णायक पांचवें गेम में भी मुकाबला काफी रोमांचक रहा, लेकिन शमीना 12-14 से हार गईं।
इसके बाद तन्वी खन्ना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना मुकाबला सीधे तीन गेम में जीत लिया। उन्होंने 11-3, 11-5, 11-5 के स्कोर से चीन की खिलाड़ी को हराकर भारत को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई।
जोशना चिनप्पा ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और भारत की जीत पर मुहर लगा दी। उन्होंने अपना मुकाबला 3-0 से जीता। जोशना ने पहला गेम 12-10 से अपने नाम किया, जबकि दूसरे और तीसरे गेम में उन्होंने 11-4 और 11-6 से जीत दर्ज की।
भारत अब सोमवार को ही अपने अगले ग्रुप मुकाबले में मेजबान जापान का सामना करेगा। टीम की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ग्रुप चरण में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी।
इस मुकाबले में अनाहत सिंह को आराम दिया गया। अनाहत ने इससे एक दिन पहले महिला एकल के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। लगातार मुकाबलों को देखते हुए उन्हें शुरुआती टीम मैच में आराम देने का फैसला किया गया।







