उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी
Heavy rain alert for Uttarakhand; orange warning issued for several districts.

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार हल्की से भारी बारिश होने की सूचना है, जिससे कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अल्मोड़ा, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के कुछ हिस्सों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

GNSU Admission Open 2026

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में उत्तरकाशी जिले के बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं देहरादून जिले में मसूरी, चकराता और ऋषिकेश जैसे क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

टिहरी गढ़वाल में देवप्रयाग और आसपास के इलाकों तथा श्रीनगर क्षेत्र में भी तेज बारिश की संभावना है। चारधाम यात्रा से जुड़े गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।

कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा के रानीखेत, चौखुटिया और जागेश्वर धाम, बागेश्वर के कपकोट और कौसानी तथा पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट, डीडीहाट और मुनस्यारी में भी भारी बारिश का अनुमान है। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर, किच्छा और खटीमा तथा हरिद्वार जिले के रुड़की और लक्सर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।