
पटना: राजधानी पटना से सटे दानापुर के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में मंगलवार शाम डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस में मोतिहारी जिले में तैनात सिपाही ओमचंद्र ने कथित तौर पर आपसी विवाद के बाद अपनी बहन पार्वती कुमारी को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ओमचंद्र और पार्वती अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करीब एक वर्ष से मिथिला कॉलोनी में किराये के मकान की तीसरी मंजिल पर रह रहे थे। ओमचंद्र को अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी और उसकी पोस्टिंग मोतिहारी में थी। उसका छोटा भाई अरुण एक निजी कंपनी में काम करता है।
मंगलवार शाम घटना के समय अरुण घर से बाहर था, जबकि पार्वती कोचिंग गई थी। करीब सात बजे मकान से लगातार दो गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां दोनों भाई-बहन फर्श पर मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल से ओमचंद्र की सर्विस रिवॉल्वर, एक खोखा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई गई है, हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, पार्वती की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी, लेकिन वह अपने भाई के साथ रह रही थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी एसपी पश्चिमी साकेत कुमार के अनुसार, मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।






