PM Modi to visit Gujarat-Maharashtra today, to unveil projects worth Rs 35,000 crore

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री यहां आयोजित जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

326 किमी लंबे फ्रेट कॉरिडोर के तीन खंड होंगे शुरू

वडोदरा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 किलोमीटर लंबे तीन खंडों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। परियोजना में साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

जेएनपीटी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी से आयात-निर्यात के माल की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है। इससे बंदरगाहों और औद्योगिक केंद्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा, लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटेगा। इन खंडों के चालू होने के बाद डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में परिचालन में आ जाएगा।

प्रधानमंत्री विभिन्न स्टेशनों से मालगाड़ी सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत बनी जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

9,700 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनकी लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरांडा-मलसर गेज परिवर्तन और विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से यात्री और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाने, रेल मार्गों पर भीड़ कम करने तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हाईवे और शहरी विकास को भी बढ़ावा

करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान हिस्से को छह लेन करना, वडोदरा-सूरत मार्ग पर तापी और नर्मदा के ऊपर बड़े पुलों से जुड़ी परियोजनाएं तथा एनएच-53 पर ग्रेड-सेपरेटेड ढांचे शामिल हैं।

वडोदरा-सूरत एनएच-48 पर कंदारी चोकड़ी और लुवारा पटिया में छह लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन भी किया जाएगा।

इसके अलावा गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा। इनमें वडोदरा रिंग रोड फेज-II, कडाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और वडोदरा नगर निगम का नया कार्यालय शामिल है।

मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन

वडोदरा के बाद प्रधानमंत्री मुंबई जाएंगे और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में वित्तीय क्षेत्र से जुड़े नीति-निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, फिनटेक कंपनियां, तकनीकी संस्थान, निवेशक और शिक्षाविद हिस्सा लेंगे।

इस दौरान एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम तकनीक और अन्य उभरती तकनीकों के इस्तेमाल से वित्तीय क्षेत्र को अधिक भरोसेमंद और समावेशी बनाने पर चर्चा होगी।