नयी दिल्ली/सूरत: केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 89वें संस्करण की अगुवाई की। सूरत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने प्रतिभागियों के साथ नशा-मुक्ति की शपथ ली और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा-मुक्त भारत बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
25 हजार से अधिक स्थानों पर हुआ आयोजन
इस बार कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ रखी गई। देशभर में 25,000 से अधिक स्थानों पर आयोजित इस अभियान में 50 लाख से ज्यादा युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के साथ नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
सूरत में साइकिल राइड की शुरुआत मांगध चौक स्थित सरदार पटेल प्रतिमा से हुई। सारथाना चिड़ियाघर की ओर करीब छह किलोमीटर की राइड से पहले प्रतिभागियों ने योग, फिटनेस गतिविधियों, जुंबा और विभिन्न चुनौतियों में हिस्सा लिया।
साइकिलिंग को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने पर जोर
डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान से देशभर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए स्वस्थ आबादी जरूरी है और साइकिलिंग शारीरिक फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देती है।
उन्होंने लोगों से साइकिलिंग को केवल रविवार तक सीमित नहीं रखने और इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उनके मुताबिक, साइकिलिंग से व्यायाम, ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और नशा-मुक्त भारत के अभियान को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
कई नामी खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
नशा-मुक्त संकल्प अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई प्रमुख खिलाड़ियों ने भी छह किलोमीटर की साइकिल राइड में हिस्सा लिया। इनमें पद्म श्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अचंता शरत कमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं पूर्व विश्व नंबर-1 पहलवान सरिता मोर, अर्जुन पुरस्कार विजेता और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हरमीत देसाई, अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता शिवानी पवार और राष्ट्रमंडल एवं विश्व कैडेट चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता राहुल मान शामिल रहे।
दिल्ली में शिक्षक दिवस की थीम पर आयोजन
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 89वां ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शिक्षक दिवस की विशेष थीम के साथ आयोजित किया गया। यहां शिक्षकों और कोच के योगदान को सम्मानित किया गया, जो युवाओं के जीवन और करियर को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दिल्ली के कार्यक्रम में करीब एक हजार छात्रों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। फिट इंडिया चैंपियन मोनिका भोला, योग प्रशिक्षक एवं फिट इंडिया एंबेसडर मोनिका शर्मा और अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच हवलदार संजय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।







