Based on technical investigation, police nabbed the accused, recovered five mobile phones and a bike.

सासाराम: दरिगांव थाना क्षेत्र में फोरलेन पर हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से झपटा गया मोबाइल समेत कुल पांच मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त यामाहा आर-15 बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मेदनीपुर निवासी चितरंजन कुमार स्कूटी से कार्यालय जा रहे थे।

इसी दौरान कोटा गांव के समीप फोरलेन पर बाइक सवार दो युवकों ने उनकी जेब से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। पीड़ित के आवेदन पर उसी दिन दरिगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के उद्भेदन के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष मितेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें जिला आसूचना इकाई को भी शामिल किया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने छोटन कुमार, दीपक कुमार, रोहित कुमार उर्फ लल्लू, संदीप कुमार और ऋषिकेश उर्फ राजा को गिरफ्तार किया।

GNSU Admission Open 2026


पुलिस ने गिरफ्तार छोटन कुमार के पास से पीड़ित से झपटा गया मोबाइल बरामद किया। जांच के दौरान आरोपियों के पास से कुल पांच मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त यामाहा आर-15 बाइक भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में छोटन कुमार (22), दीपक कुमार (23), रोहित कुमार उर्फ लल्लू (21), संदीप कुमार (27) और ऋषिकेश उर्फ राजा (24) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी दल में दरिगांव थानाध्यक्ष के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामप्रवेश कुमार, जिला आसूचना इकाई डिहरी की टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।