A mule bank account worth Rs 1.40 crore was unearthed in Bhabua; one person was arrested for cyber fraud.

भभुआ: कैमूर जिले के भभुआ में साइबर थाना पुलिस ने म्यूल बैंक खाते के जरिए साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कुड़ासन गांव निवासी पुनित तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

खाते में आए 1.40 करोड़, 1.35 करोड़ की निकासी

पुलिस के अनुसार, ऐक्सिस बैंक में श्याम इंटरप्राइजेज के नाम से एक करंट अकाउंट खोला गया था। जांच में पता चला कि इस खाते में करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये जमा हुए, जबकि लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये की निकासी की गई।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस की जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाता पुनित तिवारी ने खुलवाया था। आरोप है कि उसने खाते से संबंधित चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड और अन्य बैंकिंग जानकारी साइबर ठगी करने वाले सिंडिकेट को उपलब्ध कराई।

आठ साइबर फ्रॉड मामलों से जुड़ा खाता

जांच के दौरान पुलिस को इस खाते से देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज आठ साइबर फ्रॉड की शिकायतों का लिंक मिला है। इनमें डिजिटल अरेस्ट के चार मामले भी शामिल बताए गए हैं।

म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर और निकालने के लिए किए जाने की आशंका है। पुलिस अब बैंक लेनदेन और खाते से जुड़े अन्य विवरणों की जांच कर रही है।

साइबर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाते का इस्तेमाल किन लोगों ने किया और इसके जरिए हुई रकम को आगे कहां-कहां ट्रांसफर किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।