चंडीगढ़: हरियाणा और पंजाब में रविवार को कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, दोनों राज्यों में रविवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, हालांकि 12 सितंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
आईएमडी के अनुसार, 6 सितंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 6-7 सितंबर तथा 10 से 12 सितंबर के बीच भारी बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
सोमवार से बारिश में आएगी कमी
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके बाद 7 से 12 सितंबर के बीच दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। हालांकि 7 सितंबर से जारी राष्ट्रीय चेतावनी में हरियाणा और पंजाब के लिए भारी बारिश का अलर्ट नहीं दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र मौजूदा मौसम गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और इसके अगले 24 घंटे में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने की संभावना है।
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आईएमडी ने हरियाणा और पंजाब के किसानों के लिए फसल आधारित सलाह जारी की है।
हरियाणा में किसानों को खड़ी फसलों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने और कपास के खेतों में जलभराव नहीं होने देने की सलाह दी गई है। जिन क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश हो चुकी है, वहां कपास और धान की सिंचाई रोकने तथा तैयार सब्जियों की मौसम अनुकूल कटाई करने को कहा गया है।
पंजाब में किसानों को मक्का समेत अन्य खड़ी फसलों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। सब्जियों की बुवाई और रोपाई खेत की स्थिति देखकर करने तथा जरूरत के अनुसार ही रासायनिक दवाओं का इस्तेमाल करने को कहा गया है। गन्ने की फसल को गिरने से बचाने के लिए सहारा देने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार के बाद हरियाणा और पंजाब में बारिश का दायरा काफी सीमित हो जाएगा, लेकिन 12 सितंबर तक कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।







