सासाराम: शहर के नवरत्न बाजार के समीप कासिमपुरा मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक गीता मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर में इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव का 17वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महोत्सव को लेकर गीता मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से सजाया गया है। मंदिर के मुख्य महंत गोपाल पांडेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी के अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, महाभिषेक, विशेष आरती और छप्पन भोग का आयोजन होगा।
इसके अलावा भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। महंत गोपाल पांडेय ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। गौरतलब है कि नवरत्न बाजार के समीप स्थित गीता मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। जन्माष्टमी के अवसर पर यहां सासाराम शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से कतारबद्ध दर्शन, सुरक्षा और महाप्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।







