पटना: सिवान के चर्चित AK-47 कांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच घायल छात्रों से मुलाकात और मदद का सिलसिला भी जारी है। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अब पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में घटना में घायल छात्रों से मुलाकात की।
पप्पू यादव ने घायल मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार गौड़ और आकाश कुमार का हालचाल जाना। उन्होंने छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति और घटना के बाद सामने आई परेशानियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सांसद की ओर से घायलों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
बताया जा रहा है कि ये छात्र बिहार बंद के दौरान सिवान में हुई झड़प, लाठीचार्ज और फायरिंग की घटना में घायल हुए थे। मुलाकात के दौरान पप्पू यादव ने घायलों और उनके परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सिवान की इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मामले में हुई कार्रवाई, फायरिंग की परिस्थितियों और छात्रों के घायल होने को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल, घायल छात्रों की स्थिति और पूरे मामले को लेकर आगे की गतिविधियों पर राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की नजर बनी हुई है।







