डर्बी: तेज गेंदबाज इस्सी वोंग के पांच विकेट और माया बाउचियर की आक्रामक पारी के दम पर इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे में आयरलैंड को छह विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस्सी वोंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला पांच विकेट हॉल पूरा किया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने आयरलैंड की पूरी टीम 47 ओवर में 165 रन पर सिमट गई।
आयरलैंड की ओर से एमी हंटर ने 64 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हंटर ने पहले ओर्ला प्रेंडरगास्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 रन और फिर लीह पॉल के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि, 140/4 के स्कोर के बाद आयरलैंड ने केवल 25 रन के भीतर अपने आखिरी छह विकेट गंवा दिए।
इंग्लैंड की ओर से वोंग ने 33 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि मैडी विलियर्स और टिली कॉर्टीन-कोलमैन को दो-दो विकेट मिले।
बाउचियर ने दिलाई तेज शुरुआत
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को माया बाउचियर ने 31 गेंदों पर 45 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने जेन मैगुायर के एक ओवर में चार चौके जड़े। सोफिया डंकली ने भी तेज रन जुटाए और इंग्लैंड ने सात ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए।
डंकली के रन आउट होने और बाउचियर के आउट होने के बाद इंग्लैंड को कुछ झटके लगे। ऐलिस कैपसी भी पगबाधा आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल करने में ज्यादा परेशानी नहीं होने दी।
डेनियल गिब्सन ने 22 गेंदों में नाबाद 36 रन की तूफानी पारी खेली और तीन गेंदों के भीतर दो छक्के लगाकर इंग्लैंड को जीत दिला दी। फ्रेया केम्प 29 रन बनाकर नाबाद रहीं। इंग्लैंड ने 23 ओवर में चार विकेट पर 166 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आयरलैंड की गेंदबाजी में अनुशासन की कमी भी देखने को मिली और टीम ने कुल 11 वाइड गेंदें डालीं। अब सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला औपचारिकता भर रह गया है।
संक्षिप्त स्कोर:
आयरलैंड महिला: 47 ओवर में 165 रन ऑल आउट (एमी हंटर 64; इस्सी वोंग 5/33, मैडी विलियर्स 2/21, टिली कॉर्टीन-कोलमैन 2/32)।
इंग्लैंड महिला: 23 ओवर में 166/4 (माया बाउचियर 45, डेनियल गिब्सन नाबाद 36)।







