पटना: ज्ञान भवन, पटना में आयोजित 5th Edition Annual Dussehra Mela-2026 में बिहार सरकार के उद्योग विभाग का पवेलियन लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां बिहार के स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के साथ सरकार की औद्योगिक एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी दी जा रही है।
पवेलियन में हनी प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, लेदर एवं फुटवियर से जुड़े उत्पादों के अलावा बिस्कुट, केक और रस्क जैसे खाद्य उत्पाद भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। इसके साथ ही फैब्रिक डॉल्स, सिक्की क्राफ्ट, एप्लिक, क्रोशिया और नैचूरल बी फार्म से जुड़े उत्पाद भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
योजनाओं और नीतियों की जानकारी लेने में बढ़ी रुचि
उद्योग विभाग के पवेलियन की खासियत यह है कि यहां उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ व्यवसाय शुरू करने, विस्तार करने और निवेश करने से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मेले में आने वाले युवा, उद्यमी और संभावित निवेशक Startup Bihar, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना (MMUY), PMFME और Single Window Clearance System/SIPB जैसी पहलों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। लोग इन योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता, प्रोत्साहन और निवेश प्रक्रिया को समझने में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
स्थानीय और महिला उद्यमियों को मिल रहा मंच
पवेलियन में स्थानीय और महिला उद्यमियों के उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ उन्हें संभावित ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर भी मिल रहा है। आगंतुक जहां इन उत्पादों की खरीदारी और सराहना कर रहे हैं, वहीं बिहार में उद्योग एवं कारोबार के लिए उपलब्ध सरकारी सहयोग के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
मेले में आने वाले लोग ज्ञान भवन के C1 से C15 तक के स्टॉल्स पर जाकर विभिन्न उत्पादों का अवलोकन कर सकते हैं और उद्योग विभाग की योजनाओं एवं नीतियों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।







