छपरा: बिहार के सारण जिले में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में हुई इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलने के बाद तरैया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच स्थिति शांत कराने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
महिला पुलिसकर्मी समेत पांच घायल
हमले में महिला पुलिसकर्मी किरण कुमारी के अलावा पुलिसकर्मी चुनचुन कुमार, प्रवीण कुमार, मंगल ठाकुर और कुणाल कुमार सिंह घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
हमलावरों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने घायल जवानों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







