नयी दिल्ली: भारत और ब्राजील ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 30 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में हुई भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र (TMM) की आठवीं बैठक में दोनों देशों ने व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने को लेकर व्यापक चर्चा की।
बैठक में दोनों पक्षों ने अधिक विविध, संतुलित और टिकाऊ व्यापार साझेदारी विकसित करने पर जोर दिया। खास तौर पर फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, इंजीनियरिंग सामान और मशीनरी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई गई।
15 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंचा मौजूदा कारोबार
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और ब्राजील की विदेश व्यापार सचिव तातियाना लैसर्दा प्राजेरेस ने की। दोनों देशों के बीच व्यापार में लगातार वृद्धि हुई है और वित्त वर्ष 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार 15.07 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
राजेश अग्रवाल ने ब्राजील के विकास, उद्योग, वाणिज्य एवं सेवा मंत्री मार्सियो एलियास रोजा से भी मुलाकात की। दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
भारत-मर्कोसुर व्यापार समझौते पर भी चर्चा
बैठक के दौरान भारत और मर्कोसुर के बीच व्यापार संबंधों की भी समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार और आधुनिकीकरण की संभावनाओं पर चर्चा की।
इसके अलावा भारतीय फार्मास्यूटिकल उत्पादों के लिए ब्राजील के बाजार में पहुंच आसान बनाने पर भी जोर दिया गया। भारत ने स्थिर और पारदर्शी नियामक प्रक्रियाओं तथा व्यापक बाजार पहुंच की आवश्यकता बताई। इससे किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कृषि और MSME क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
कृषि क्षेत्र में पौध स्वच्छता संबंधी अनुरोधों और पारस्परिक बाजार पहुंच से जुड़े तकनीकी मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने इन प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट एजेंडा तैयार करने पर सहमति जताई।
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक मूल प्रमाण पत्रों की पारस्परिक मान्यता, MSME, उद्यमिता और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने माना कि इन कदमों से व्यापार सुगमता बढ़ेगी और व्यापारिक बाधाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
ब्रिक्स, G20 और WTO में समन्वय जारी रखने पर सहमति
भारत और ब्राजील ने BRICS, G20 और WTO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर करीबी समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने खुले, समावेशी और विकासोन्मुखी बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
भारत ने BRICS आर्थिक साझेदारी रणनीति 2030 और GVC कार्य योजना 2026-2030 को आगे बढ़ाने में ब्राजील की भूमिका की सराहना की। वहीं, ब्राजील ने भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान की गई पहलों, विशेष रूप से BRICS Startup Knowledge Hub और BRICS Business Incubator की सराहना की।
25 से ज्यादा भारतीय कंपनियों ने लिया हिस्सा
ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील उच्च स्तरीय व्यापारिक स्वागत समारोह का भी आयोजन किया गया। इसमें दोनों देशों के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के हितधारकों ने हिस्सा लिया।
भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में किर्लोस्कर समूह, UPL और आदित्य बिड़ला समूह समेत 25 से अधिक भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि व्यवसाय, बुनियादी ढांचा, फार्मास्यूटिकल्स, डिजिटल सेवाएं, लॉजिस्टिक्स और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में नए सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।







