A young man who tried to mediate a dispute between neighbors in Saran was stabbed to death; police are investigating.

छपरा: बिहार के सारण जिले में पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। भगवान बाजार थाना क्षेत्र में झगड़े में बीच-बचाव करने के बाद लौट रहे एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दौलतगंज अड्डा नंबर-5 निवासी सोनू कुमार (32) पड़ोसियों के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचा था। विवाद शांत कराने के बाद वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

GNSU Admission Open 2026

घटना के बाद परिजन सोनू को इलाज के लिए पटना ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।