मुंबई: भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल राघवानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पिया का घर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। एसआरके म्यूजिक प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म के ट्रेलर में पारिवारिक रिश्तों, सास-बहू की तकरार और बदलते सामाजिक सरोकारों के साथ हॉरर का अनोखा मिश्रण देखने को मिल रहा है।
ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म में काजल राघवानी और रितेश उपाध्याय मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में काजल अपने दमदार अभिनय और अलग अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचती नजर आ रही हैं।
रिश्तों के साथ हॉरर का तड़का
‘पिया का घर’ की कहानी परिवार के भीतर रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव और भावनात्मक बदलावों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म की खासियत यह है कि पारिवारिक कहानी के साथ हॉरर का कॉन्सेप्ट भी जोड़ा गया है, जिससे कहानी में रोमांच और रहस्य का पुट नजर आता है।
फिल्म के निर्माता रौशन सिंह ने ट्रेलर लॉन्च के मौके पर कहा कि ‘पिया का घर’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों की अहमियत और समय के साथ उनमें होने वाले बदलाव को भी दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म के कलाकारों का अभिनय दर्शकों को पसंद आएगा।
वहीं, काजल राघवानी ने फिल्म को अपने लिए खास बताते हुए कहा कि इसकी कहानी परिवार और रिश्तों से सीधे जुड़ी हुई है। सास-बहू के रिश्ते में आने वाले भावनात्मक उतार-चढ़ाव को कहानी में प्रमुखता से पेश किया गया है।
कई कलाकार निभा रहे अहम किरदार
संजय श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजल राघवानी और रितेश उपाध्याय के अलावा पारुल ठाकुर, समर्थ चतुर्वेदी, संजय पांडेय, रीना रानी, संजीव मिश्रा, प्रेम दुबे, सृष्टि पाठक, काजल श्रीवास्तव, रीमा पाल सिंह, सोनी राज, अनिता ओझा, अनुराधा सिंह, सोनी सिंह, पुष्पेंद्र राय, प्रशांत द्विवेदी, पंकज झा, शीतल गुप्ता और खुशी सिंह समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की सह-निर्माता शर्मीला आर सिंह हैं। इसकी पटकथा सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा ने लिखी है। फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि गीत मनोज भावुक, धरम हिंदुस्तानी, पिंकू बाबा और शानदारजी ने लिखे हैं।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी (DOP) राज ठाकुर, संपादन संतोष हरावड़े, कोरियोग्राफी प्रवीण शेलार और बैकग्राउंड म्यूजिक असलम सुरती का है। पोस्ट प्रोडक्शन की जिम्मेदारी हमिंग बर्ड वीएफएक्स ने संभाली है।







