Deepti Sharma created history, becoming the highest wicket-taker in women's T20Is.

नयी दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रविवार को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। थाईलैंड के खिलाफ महिला एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए दीप्ति ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया।

दीप्ति ने अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में महज 1.1 ओवर गेंदबाजी की और एक मेडन सहित बिना कोई रन दिए तीन विकेट चटकाए। इस प्रदर्शन के साथ उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 171 हो गई और उन्होंने थाईलैंड की थिपाट्चा पुथावोंग को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 170 विकेट हैं।

GNSU Admission Open 2026

दीप्ति अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। इस सूची में रवांडा की हेनरिएट इशिमवे 164 विकेट के साथ तीसरे, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 154 विकेट के साथ चौथे और हांगकांग की कारी चांग 153 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

150 टी20I खेलने वाली तीसरी भारतीय

दीप्ति शर्मा 150 या उससे अधिक महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की तीसरी क्रिकेटर भी बन गई हैं। उनसे पहले हरमनप्रीत कौर (203 मैच) और स्मृति मंधाना (172 मैच) यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। दुनियाभर में दीप्ति 150 या उससे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सिर्फ 12वीं महिला क्रिकेटर हैं।

रिकॉर्ड से ज्यादा देश के लिए खेलना महत्वपूर्ण

ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बाद दीप्ति ने कहा कि उनके लिए विकेटों का रिकॉर्ड महत्वपूर्ण है, लेकिन भारतीय जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना उससे भी ज्यादा गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य किसी खास खिलाड़ी या टीम के खिलाफ प्रदर्शन करने के बजाय अपनी गेंदबाजी में लगातार सुधार करना और टीम की मदद करना है।

दीप्ति ने एशिया कप से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित शिविर को भी टीम के आत्मविश्वास के लिए बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस कैंप से टीम को काफी आत्मविश्वास मिला है और अब भारतीय टीम एशिया कप जीतने के लिए पूरी तरह उत्सुक है।

थाईलैंड के खिलाफ दीप्ति ने तीन विकेट लेने के दौरान एक भी रन नहीं दिया। इस तरह उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों के बीच सबसे कम रन खर्च करने का खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।