लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती सोमवार, 31 अगस्त को लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सभी 75 जिलाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने और पार्टी के जनाधार को विस्तार देने को लेकर चर्चा होगी।
बसपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, मायावती सोमवार सुबह 11 बजे 12 माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठक को संबोधित करेंगी। इसमें प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा सभी 75 जिलों के अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
बैठक में पार्टी संगठन की जमीनी और आर्थिक मजबूती को लेकर अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही पिछली बैठकों में मायावती की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों पर हुई प्रगति की रिपोर्ट भी ली जाएगी।
प्रत्याशियों के चयन पर भी होगी चर्चा
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संभावित पार्टी प्रत्याशियों के चयन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श होने की संभावना है। मायावती संगठनात्मक पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों को लेकर आगे की रणनीति और जरूरी दिशा-निर्देश देंगी।
बसपा का लक्ष्य पार्टी के जनाधार को सर्वसमाज में बढ़ाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। ऐसे में चुनाव से पहले होने वाली यह बैठक पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि बसपा ने हाल में उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में मायावती की प्रदेश के शीर्ष संगठनात्मक नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ होने वाली बैठक को चुनावी तैयारियों की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।







