Today, when India speaks, the world listens,' Rajnath Singh enumerated the country's growing strength.

लखनऊ: रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जब भारत अपनी बात रखता है तो पूरी दुनिया उसे गंभीरता से सुनती है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति और प्रभाव में उल्लेखनीय बदलाव आया है।

राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में लखनऊ छावनी को आदर्श छावनी के रूप में विकसित करने के लिए 12 विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर करीब 101 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

GNSU Admission Open 2026

केंद्र और राज्य की एकजुट सोच से तेज होता है विकास

समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि करीब 10-12 वर्ष पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, जितनी गंभीरता से लिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आज भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत हुई है और दुनिया उसकी बात को ध्यान से सुनती है।

लखनऊ के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगदान की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि शहर की प्रगति को वह पूरे उत्तर प्रदेश की प्रगति से जोड़कर देखते हैं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकारों की सोच एक दिशा में होती है तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है।

स्वच्छ छावनी और बेहतर सुविधाओं पर जोर

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ छावनी में शुरू की जा रही 12 परियोजनाएं बेहतर और स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त जलापूर्ति, बच्चों के बेहतर भविष्य तथा युवाओं को खेल के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का मतलब केवल बड़े प्रोजेक्ट और आधुनिक इमारतें बनाना नहीं, बल्कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर घर तक स्वच्छ पानी और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराना भी है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि विकास की यात्रा बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका लाभ हर मोहल्ले, बस्ती और परिवार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दिशा में पूरी लगन और निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री असीम अरुण ने भी संबोधित किया।