लखनऊ: रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। प्रदेश की माताएं, बहनें और बेटियां 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी ले जा सकेंगी और इसके लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। प्रमुख मार्गों पर एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहेगा। साथ ही बस चालकों की निगरानी की जाएगी, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी लापरवाही न हो।
लखनऊ क्षेत्र में 979 बसों का इंतजाम
रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लखनऊ परिक्षेत्र में 979 एसी और साधारण बसें संचालित की जाएंगी। चारबाग, अवध, कैसरबाग, रायबरेली, हैदरगढ़, उपनगरीय, बाराबंकी और आलमबाग से बड़ी संख्या में बसें चलाई जाएंगी।
गोरखपुर, बहराइच, दिल्ली, कानपुर, आजमगढ़, देहरादून, हरिद्वार, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा समेत कई प्रमुख रूटों पर भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। 50 बसों को रिजर्व रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संचालन में लगाया जा सके।
बस अड्डों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।
यात्रियों के लिए चार स्पेशल ट्रेनें
रक्षाबंधन पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने भी चार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। इनमें चंडीगढ़-लखनऊ और दिल्ली-वाराणसी वाया लखनऊ स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
04546 चंडीगढ़-लखनऊ स्पेशल 27 अगस्त की शाम 7:40 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में 04545 लखनऊ-चंडीगढ़ स्पेशल 28 अगस्त को दोपहर 1 बजे रवाना होगी।
इसी तरह 04012 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 27 अगस्त की रात 9:10 बजे दिल्ली से चलेगी और सुबह 6:30 बजे लखनऊ होते हुए 11:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में 04011 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 28 अगस्त की शाम 5:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा
त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए चारबाग, लखनऊ जंक्शन समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर GRP और RPF की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अमौसी एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। बम निरोधक दस्ते और श्वान दल द्वारा जांच की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि भीड़ और सुरक्षा जांच को देखते हुए वे एयरपोर्ट पर पर्याप्त समय लेकर पहुंचें।







