छपरा: बिहार में सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक कैदी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के निवासी आदर्श पांडेय को हरिहरनाथ थाना की पुलिस ने 22 अगस्त को गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश के बाद उसे मंडल कारा, छपरा भेज दिया गया था। जेल में तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों ने बताया कि रविवार देर रात मंडल कारा के सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर कैदी अस्पताल से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने के बाद भगवान बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। कैदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।







