वाराणसी: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव और प्रयागराज जोन के प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
काशी पहुंचने के बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास मंदिर में भी दर्शन किए। उन्होंने लंका स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों से संवाद कर उनकी बात सुनी।
अपने संगठनात्मक दौरे के दौरान चौधरी ने प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले वाराणसी समेत मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली और भदोही के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठकों में पूर्व सांसद और विधायक, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जिला व महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।
वरुण चौधरी ने कहा कि संगठन को मजबूत करना कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जोन के विभिन्न जिलों का दौरा करने का उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति को समझना और कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक प्राप्त करना है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव और जमीनी अनुभव पार्टी की आगामी रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय सचिव के दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने पर जोर दिया।
दौरे के दौरान हुई बैठकों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर प्रयागराज जोन में कांग्रेस संगठन को और सक्रिय बनाने की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।







