Prajapati community to gather in Patna, social and political unity to be seen in 'Aabhar-cum-Abhyaan Ceremony'

पटना: बिहार की राजधानी पटना में प्रजापति समाज की ओर से एक बड़े ‘आभार-सह-सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। बिहार प्रजापति समन्वय समिति के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज के प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि समारोह के जरिए समाज की एकता, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक अधिकारों को मजबूती से सामने रखा जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार प्रजापति समन्वय समिति के प्रदेश महामंत्री प्रजापति पिंटू गुरुजी ने समारोह की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज को मिली राजनीतिक भागीदारी और सम्मान के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

आयोजकों के मुताबिक, समाज की दो महिला प्रतिनिधियों को मिली राजनीतिक भागीदारी और सम्मान के उपलक्ष्य में यह समारोह विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसमें पूरे बिहार से प्रजापति समाज के लोग एकजुट होकर अपनी सामाजिक और राजनीतिक ताकत का संदेश देंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार, संजय झा, प्रमोद चंद्रवंशी, विधायक श्रेयसी सिंह, वरिष्ठ नेता आलोक कुमार और करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह सहित एनडीए के वरिष्ठ मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश देगा। प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के पटना पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से प्रजापति समाज अपनी सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ राजनीतिक और विकासात्मक भागीदारी को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता सामने रखेगा।