
सासाराम। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं मध्य विद्यालय सेमरा का एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं, मध्याह्न भोजन (MDM) और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और पठन-पाठन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि शिक्षा के जरिए जीवन की हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। इसके बाद एसडीएम ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने दाल, चावल और सब्जी सहित तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और रसोइयों को निर्देश दिया कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार स्वच्छ, ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। एसडीएम ने छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति को पठन-पाठन, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।






