लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में विकास और विरासत के सशक्त समन्वय के साथ ‘अंत्योदय’ से ‘अखाड़े’ और ‘लोक-कल्याण’ से ‘लोक-परंपरा’ तक नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर उभर रही है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक्स पर कहा, “ लखनऊ से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया जाएगा। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने में मदद मिलेगी। उचित दर विक्रेताओं के फीडबैक के आधार पर वितरण व्यवस्था की निगरानी और उसमें आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे। योगी ने कहा कि इसके बाद गोरखपुर में नाग पंचमी के पावन अवसर पर परंपरागत प्रदेश स्तरीय प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली खेल परंपरा को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ पारंपरिक खेलों और अखाड़ों की संस्कृति को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के साथ अपनी समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और खेल परंपराओं को भी आगे बढ़ा रहा है।







