बिक्रमगंज: रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में 26 जुलाई को दिनदहाड़े आभूषण दुकान से करीब 30 लाख रुपये के गहने लूटे जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटकांड में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है, जबकि वारदात में प्रयुक्त उत्तर प्रदेश की एक कार को भी चिन्हित किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में आदर्श सिंह, ऋषिपाल और सोनू कुमार उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। वहीं राजू सिंह और पिंटू गोपालगंज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई तेज होने के बाद राजू और पिंटू ने किसी पुराने मामले में सारण कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि 26 जुलाई को बिक्रमगंज में एक आभूषण प्रतिष्ठान में पांच की संख्या में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। जांच के दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा गया। एसपी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रहने वाले दीपक सहनी ने लूटकांड की पूरी रूपरेखा तैयार की थी। वहीं, वारदात को अंजाम देने से पहले एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा अपराधियों के लिए रेकी किए जाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों और लूटे गए सामान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।







