
सासाराम: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सासाराम के न्यू स्टेडियम, फजलगंज में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में रोहतास के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों की सलामी ली। इस दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया। समारोह में रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रोशन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रहीं। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला।






