
सासाराम: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों ने हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सासाराम समाहरणालय परिसर से हुई। यात्रा मुख्य जीटी रोड, धर्मशाला चौक, पुरानी जीटी रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा और करगहर मोड़ से होते हुए वापस समाहरणालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व रोहतास के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी और मंत्री विजय चौधरी ने किया।
इस दौरान रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रोशन कुमार समेत जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी यात्रा में शामिल हुए। एनसीसी और भारत स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स बैंड की धुन पर मार्च करते नजर आए।
तिरंगा यात्रा में सरकारी और निजी विद्यालयों के 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर हिस्सा लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से शहर का माहौल देशभक्तिमय हो गया। रास्ते में बड़ी संख्या में आम लोगों और अभिभावकों ने भी यात्रा में सहभागिता की।

मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि उन्होंने रोहतास में इससे पहले इतनी विशाल तिरंगा यात्रा नहीं देखी। उन्होंने कहा कि बच्चों, अभिभावकों और आम लोगों की बड़ी भागीदारी देश के प्रति जागरूकता और एकजुटता का संदेश देती है।
उन्होंने देश की संप्रभुता और तिरंगे के सम्मान को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






